दरभंगा , सितंबर 02 -- बिहार के दरभंगा में 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए बुधवार को न्यायिक पदाधिकारियों ने अधिवक्ता संघ के सदस्यों के साथ बैठक की।प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश- सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर आयोजित बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जुनैद आलम ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सभी हितधारकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने अधिक से अधिक सुलह-समझौता योग्य मामलों के निष्पादन के लिए पक्षकारों को आवश्यक जानकारी एवं परामर्श उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे समझौता योग्य मामलों के पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत में निपटारे के लिए वाद रेफर कराने के लिए प्रेरित करें।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने कहा कि समझौता योग्य मामलों में दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के सहयोग से प्री-काउंसलिंग कराई जा सकती है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में शमनीय मामलों के अलावा बैंक ऋण एवं यातायात चालान से संबंधित मामलों का भी निपटारा किया जाएगा। यातायात चालान के मामलों में निर्धारित चालान राशि की आधी राशि जमा कर निपटारा किए जाने की जानकारी दी गई।

बैठक में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष चंद्रधर मल्लिक, महासचिव कृष्ण कुमार मिश्र सहित अमरनाथ झा, शिवम कुमार त्रिपाठी, विवेक कुमार सिंह, लोकनाथ गोस्वामी, शिवेन्द्र नाथ, प्रदीप कुमार, कुमारी कविता सिन्हा, विकास कुमार, कुमार शांतनु, गणेश साह, अंकित श्रीवास्तव, चंदा वर्मा सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित