दरभंगा , अगस्त 18 -- िहार में दरभंगा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार को न्यायालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर श्री शर्मा ने आम लोगों से राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे विवादों को आपसी सुलह एवं समझौते के माध्यम से समाप्त करना समझदारी का कार्य है। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन समाज में आपसी सौहार्द एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जाता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से मामलों का त्वरित एवं आपसी सहमति से समाधान होने के साथ लोगों के समय और धन की भी बचत होती है। उन्होंने आमजनों से अपने विवादों के समाधान के लिए इस वैकल्पिक मंच का लाभ उठाने की अपील की।
इससे पूर्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अध्यक्षता में विचाराधीन बंदियों की जमानत एवं रिहाई तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक भी आयोजित की गयी।
बैठक में जिला पदाधिकारी सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के उपाध्यक्ष कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक सह सदस्य जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष चंद्रधर मल्लिक, सचिव कृष्ण कुमार मिश्र, लोक अभियोजक अमरेंद्र नारायण झा, सरकारी अधिवक्ता मिहिर कुमार झा, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार, मंडल कारा अधीक्षक स्नेहलता, बेनीपुर उपकारा अधीक्षक वीरेंद्र कुमार राय, मनमोहन सरावगी तथा अधिवक्ता सुशील कुमार पासवान उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित