दरभंगा , सितंबर 08 -- 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा अजय कुमार शर्मा ने न्यायिक पदाधिकारियों के साथ मंगलवार को समीक्षात्मक बैठक की।श्री शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सभी प्रकार के मामलों को संवेदनशीलता के साथ पक्षकारों एवं संबंधित अधिकारियों के समन्वय से निष्पादित कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पूर्व से सुलहनामा दाखिल शमनीय मामलों को विशेष रूप से चिह्नित कर संबंधित अधिवक्ताओं से सार्थक बातचीत करते हुए उन्हें निस्तारण के लिए तैयार करने का निर्देश दिया।
श्री शर्मा ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को मामलों के निष्पादन के लिए लक्ष्य निर्धारित करने तथा बेहतर परिणाम हासिल करने की दिशा में कार्य करने को कहा। साथ ही राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सभी हितधारकों से आवश्यक सहयोग लेने का निर्देश दिया।
इस बीच पक्षकारों को जारी नोटिसों का शत-प्रतिशत तामिला सुनिश्चित करने के लिए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जुनैद आलम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों के साथ भी समीक्षात्मक बैठक की।
बैठक में अब तक तामिल कराए गए नोटिसों की जानकारी ली गयी। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री आलम ने 11 सितंबर तक सभी नोटिस अनिवार्य रूप से संबंधित पक्षकारों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
सचिव आरती कुमारी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए अंतिम तीन दिनों में सभी संबंधित लोग समन्वित प्रयास करें, ताकि मामलों के निष्पादन में दरभंगा जिले को बेहतर स्थान प्राप्त हो सके। उन्होंने न्यायालय कर्मियों के साथ भी बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित