दरभंगा , सितंबर 10 -- 12 सितंबर शनिवार को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की सभी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव आरती कुमारी ने बताया के लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर शनिवार को व्यवहार न्यायालय, दरभंगा, बेनीपुर एवं बिरौल में सुबह 10 बजे से किया जाएगा। इस दौरान आपसी सुलहनामे के आधार पर शमनीय (कम्पाउंडेबल) वादों की सुनवाई कर उनका निस्तारण किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने मुकदमों की सुनवाई के लिए कुल 30 बेंच गठित किये हैं। इनमें व्यवहार न्यायालय, दरभंगा में 22, बेनीपुर में चार तथा बिरौल में चार बेंच शामिल हैं।
प्रत्येक बेंच में एक पीठासीन पदाधिकारी, एक अधिवक्ता तथा एक पीठ लिपिक की प्रतिनियुक्ति की गयी है।
राष्ट्रीय लोक अदालत में मुकदमा पूर्व एवं लंबित विभिन्न प्रकार के मामलों की सुनवाई होगी। इनमें शमनीय आपराधिक वाद, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 से संबंधित वाद, बैंक ऋण वसूली, मोटर दुर्घटना दावा, श्रम विवाद, विद्युत एवं पानी बिल संबंधी विवाद, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, सेवा संबंधी मामले तथा राजस्व से संबंधित मामले शामिल हैं।
इसके अलावा किराया, सुखाधिकार, निषेधाज्ञा, संविदा के विनिर्दिष्ट पालन से संबंधित वाद तथा बीएसएनएल आदि से जुड़े मामलों का भी आपसी सुलह के आधार पर तत्काल निष्पादन किया जाएगा।
सचिव ने लोगों से लोक अदालत का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने का आह्वान किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित