दरभंगा , जून 22 -- आगामी विशेष लोक अदालत एवं राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने न्यायिक दंडाधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों के अधिक से अधिक निष्पादन का निर्देश दिये। श्री शर्मा ने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य पक्षकारों को त्वरित, सुलभ और सौहार्दपूर्ण न्याय उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी हर संभव प्रयास करें, जिससे अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन किया जा सके।
बैठक में प्रधान जिला जज श्री शर्मा ने कहा कि एनआई एक्ट (चेक बाउंस) से जुड़े मामलों में सुलह-समझौते की काफी संभावना रहती है। उन्होंने न्यायालयों में लंबित चेक बाउंस के सभी मामलों में पक्षकारों को नोटिस जारी कर प्री-काउंसलिंग कराने का निर्देश दिये। साथ ही पक्षकारों एवं उनके अधिवक्ताओं से समन्वय स्थापित कर समझौते के सभी संभावित बिंदुओं पर चर्चा करते हुए मामलों को आगामी 18 जुलाई को आयोजित होने वाले विशेष लोक अदालत में रेफर करने को कहा।उन्होंने 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए भी लंबित मामलों में पक्षकारों को नोटिस जारी कर प्री-काउंसलिंग कराने के निर्देश दिये। प्रधान जिला जज ने कहा कि शमनीय आपराधिक मामलों में भी पक्षकारों के बीच आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया जाए, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निपटारा हो सके।
बैठक में विद्युत विभाग, माप-तौल विभाग, वन विभाग एवं श्रम विभाग से संबंधित मामलों के निपटारे को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी को संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पक्षकारों की प्री-काउंसलिंग कराने की जिम्मेदारी दी गई।
वहीं राष्ट्रीय लोक अदालत में क्लेम केसों के निपटारे को लेकर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सप्तम उपेन्द्र कुमार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने क्लेम केस से जुड़े अधिवक्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जुनैद आलम, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी डॉ. पुष्पम किशोर, राजीव रंजन, एसडीजेएम सत्यम, सिविल जज जूनियर डिवीजन धनंजय पांडेय सहित प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रमोद कुमार, सुधांशु रंजन सिंह, अर्चिता सिन्हा, अभिषेक पणवार, शलभ शर्मा, शैल कुमारी, हरि प्रिया एवं अमित कुमार आर्य उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित