नयी दिल्ली , जून 22 -- राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के किनारे यात्रियों की सुविधा के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधा (वे-साइड अमेनिटीज) केंद्रों पर वाहन मरम्मत की दुकानें और पंक्चर मरम्मत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का कहना है कि उसके पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी नेशनल हाईवेज लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएमएल) ने अपने क्षेत्रीय कार्यालयों को वे-साइड अमेनिटीज के पट्टाधारकों को इस संबंध में सलाह देने का निर्देश दिया। कंपनी ने कहा कि कई राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर वाहन मरम्मत और पंक्चर सेवाओं की अधिक आवश्यकता महसूस की गई है। एनएचएलएमएल सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत दीर्घकालिक पट्टे के आधार पर आधुनिक वे-साइड अमेनिटीज का नेटवर्क विकसित कर रहा है। मौजूदा पट्टा समझौतों के तहत अनिवार्य सुविधाओं के अलावा विभिन्न अनुमेय सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं, जिनमें वाहन मरम्मत की दुकानें और पंक्चर मरम्मत केंद्र भी शामिल हैं। इन केंद्रों की परिकल्पना ऐसे एकीकृत सेवा केंद्रों के रूप में की गई है, जहां यात्रियों और वाणिज्यिक वाहनों के संचालकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित