बैतूल , मार्च 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शाहपुर क्षेत्र के बरेठा घाट के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार सिंगार चावड़ी गांव निवासी जगदीश नर्रे और भैयालाल पंद्रम बाइक से बकतरा की ओर काम के सिलसिले में जा रहे थे। बरेठा घाट के मोड़ पर पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जगदीश नर्रे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भैयालाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मृतक जगदीश नर्रे मजदूरी और खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह दो भाइयों में छोटे थे और उनकी शादी 15 दिन बाद होने वाली थी। घटना के बाद परिवार में शोक व्याप्त है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित