भोपाल , अप्रैल 13 -- केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्यप्रदेश में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के समयबद्ध और स्थायी सुधार के निर्देश दिए हैं।

श्री गडकरी ने सोमवार को रायसेन जिले के दौरे के दौरान सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, भोपाल क्षेत्र के अधिकारियों के साथ प्रदेश में संचालित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी ब्लैक स्पॉट्स की समुचित पहचान कर निर्धारित समय-सीमा में उनका स्थायी सुधार सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए ज्योमेट्रिकल सुधार, उपयुक्त संकेतक, क्रैश बैरियर, रोड मार्किंग, लाइटिंग सहित आवश्यक इंजीनियरिंग उपाय प्रभावी रूप से लागू किए जाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता और भूमि अधिग्रहण की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हों और गुणवत्ता के उच्चतम मानकों का पालन किया जाए।

उन्होंने कहा कि सड़क अवसंरचना का विकास केवल कनेक्टिविटी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आर्थिक प्रगति और क्षेत्रीय संतुलित विकास का महत्वपूर्ण आधार है। बेहतर सड़क नेटवर्क से यात्रा समय में कमी, ईंधन की बचत और सड़क सुरक्षा में सुधार हो रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है, जिससे कृषि और औद्योगिक उत्पादों के परिवहन में तेजी आई है तथा लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आई है। बेहतर सड़कों से व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि कई प्रमुख परियोजनाएं तेजी से प्रगति पर हैं और कुछ खंडों के पूर्ण होने से आमजन को सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ मिलना शुरू हो गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित