नयी दिल्ली , सितंबर 29 -- सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय राष्ट्रीय राजमार्गों और टोल प्लाजा की स्वच्छता, रखरखाव और सुरक्षा पर विशेष ध्यान आकर्षित करने के लिए 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाएगा।
मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि अभियान गांधी जयंती दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा जिसके तहत राष्ट्रीय राजमार्गों से कचरा हटाने, टोल प्लाजा के शौचालयों के नवीनीकरण एवं सफाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सड़क संकेतों और सड़क चिह्नों में सुधार तथा राजमार्गों को गड्ढामुक्त करने जैसे कार्य किए जाएंगे। टोल प्लाजा की रंगाई और सौर ऊर्जा के उपयोग पर भी ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के तहत मंत्रालय ने 50 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग के एक हिस्से और उसमें शामिल एक टोल प्लाजा की पहचान की है, जहां विशेष सुधार कार्य किए जाएंगे। मुख्यालय के अधिकारी इन हिस्सों का निरीक्षण कर कमियों की पहचान और भौगोलिक चिह्नांकन करेंगे तथा सुधार कार्यों की निगरानी करेंगे।
मंत्रालय ने बताया कि अभियान के तैयारी चरण में 15 से 30 सितंबर तक लक्ष्यों की पहचान और अन्य तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान लंबित मामलों में कमी, रिकॉर्ड प्रबंधन, ई-कचरे के जिम्मेदार निपटान और कार्यालय स्थलों के बेहतर उपयोग पर भी ध्यान दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित