नयी दिल्ली , मार्च 07 -- दिल्ली के शिक्षा, शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य राष्ट्रीय राजधानी के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और नागरिकों को बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराना है।
श्री सूद ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र जनकपुरी के सी 1ए ब्लॉक तथा सी -2 ब्लॉक में लगभग 1.60 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि इन दोनों ब्लॉक के लोगों की लंबे समय से मांग थी की उनके क्षेत्रों में सीवर, पानी की पाइप लाइनों के काम, डेन्स कारपेटिंग, सड़क निर्माण आदि के काम पिछली सरकार के समय से ही लंबित है। उन्होंने कहा कि आज जनकपुरी के सी 1ए ब्लॉक में लगभग 86.37 लाख की लागत से कई महत्वपूर्ण कार्य प्रारंभ किए गए, जिनमें सीवर लाइन बिछाने का कार्य, ड्रेन और सड़क का निर्माण तथा डेंस कारपेटिंग का कार्य शामिल है। इन कार्यों से क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा और स्थानीय निवासियों को बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा। इसके साथ ही सी -2 ब्लॉक, जनकपुरी में लगभग 73.91 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में पूरी प्रतिबद्धता के साथ दिल्ली के सभी क्षेत्रों में तेज़ गति से विकास के सभी कार्य कर रही है। दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और नागरिकों को बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराना है। जनकपुरी में शुरू किए गए ये विकास कार्य स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करेंगे।
श्री सूद ने कहा कि दिल्ली में विकास और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए सरकार दिल्ली के समग्र विकास के लिए कटिबद्ध है ताकि आने वाले समय में दिल्ली के नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्ष में दिल्ली में विकास के नाम पर सिर्फ बड़े-बड़े विज्ञापन दिए गए, लोगों को गुमराह किया गया और सरकारी खजाने का दुरुपयोग किया गया। इसके कारण दिल्ली विकास के मामले में कई वर्ष पीछे हो गई। अब दिल्ली की सरकार ने दिल्ली को पुनः विकसित दिल्ली बनाने के लिए कमर कसी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित