राजगीर , अप्रैल 21 -- हरियाणा की टीम ने 13वीं सीनियर राष्ट्रीय रग्बी सेवन्स प्रतियोगिता में पुरुषों का खिताब जीत लिया है। फाइनल में हरियाणा की टीम ने कड़ी टक्कर के बाद महाराष्ट्र को 17-12 से हराया।
आज के फाइनल मैच में दोनों टीमों ने ज़बरदस्त प्रदर्शन किया, लेकिन हरियाणा ने अहम मौकों पर अपना दमखम दिखाते हुए ख़िताब जीत लिया।
इससे पहले, पश्चिम बंगाल ने तीसरे स्थान के प्लेऑफ में राजस्थान को 26-5 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
इससे पहले सेमीफ़ाइनल में, महाराष्ट्र ने 36-5 से जीत के साथ गत विजेता पश्चिम बंगाल को ख़िताब की दौड़ से बाहर कर दिया था,जबकि दूसरे सेमी फाइनल में हरियाणा ने राजस्थान को 38-0 से हराया।
फ़ाइनल एक करीबी मुकाबला था, जिसमें हरियाणा ने नीरज खत्री के ज़रिए शुरुआती बढ़त बनाई। महाराष्ट्र ने सुनील चव्हाण के ज़रिए जवाब दिया, लेकिन मोहित खत्री ने जल्द ही हरियाणा की बढ़त वापस दिला दी। इसके बाद हरियाणा ने आखिरी पलों में अपना संयम बनाए रखा और 17-12 से जीत हासिल की।
मैच की समाप्ति के बाद रग्बी इंडिया के प्रेसिडेंट राहुल बोस ने कहा कि इस बार आयोजित सीनियर नेशनल रग्बी सेवेंस प्रतियोगिता साफ इशारा कर रही है कि देश में यह खेल तेजी से तरक्की कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित