पटना , अक्टूबर 14 -- ाष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के अवसर पर 26 एवं 27 अक्टूबर को आयोजित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में बिहार पुलिस के जांबाज जवान भी शामिल होने जा रहे हैं। यह रैली सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस पर गुजरात के एकतानगर स्थित गंतव्य स्थान पर एकत्र होगी। इसमें शरीक होने के लिए बिहार पुलिस के 10 जांबाज चालक शामिल हुए। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीसैप)-5 के डीएसपी मेराज हुसैन के नेतृत्व में बीसैप-1 के 10 राइडर 6 मोटरसाइकिल पर सवार होकर रवाना हुए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को झंडा दिखाकर इस जत्थे को रवाना किया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के मौके पर नशे के खिलाफ लड़ाई विषय पर राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उदेश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के साथ राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

पटना से रवाना हुई बिहार पुलिस की टीम पश्चिम बंगाल एवं झारखंड की टीमों के साथ औरंगाबाद में शामिल होगी। इसके बाद यह सभी टीमें वाराणसी पहुंचेगी। तत्पश्चात उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के निर्धारित मार्गों से होते हुए गुजरात के एकतानगर के लिए प्रस्थान करेगी। इसके अतिरिक्त पूर्वोत्तर भारत के सभी आठ राज्यों त्रिपुरा, मिजोरम, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और सिक्किम की मोटरसाइकिल टीमें भी इस राष्ट्रीय अभियान में भाग लेगी। पूर्वोत्तर राज्यों की ये टीमें अपने-अपने राज्यों के प्रारंभिक स्थानों से प्रस्थान करके किशनगंज के रास्ते बिहार में प्रवेश करेंगी तथा पूर्णिया, बेगूसराय और भोजपुर जिलों के पार करते हुए निर्धारित मार्ग से गुजरात के एकतानगर पहुंचेगी।

इस रैली के दौरान रास्ते में पड़ने वाले चिन्हित स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर नशे के खिलाफ लड़ाई के विषय पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। छात्र-छात्राएं, युवा और स्थानीय नागरिकों के बीच नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ ही स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया जाएगा। इस राष्ट्रीय रैली का आयोजन और समन्वय के लिए सीआरपीएफ को नोडल एजेंसी बनाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित