कानपुर , जुलाई 8 -- राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर नौ जुलाई को कानपुर नगर में महिलाओं की समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण के लिए जनसुनवाई करेंगी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह ने बुधवार को बताया कि जनसुनवाई कार्यक्रम नौ जुलाई को प्रातः 11 बजे सर्किट हाउस के नवीन सभागार में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं, शिकायतों और प्रकरणों को सुना जाएगा। प्राप्त शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश भी दिए जाएंगे।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जनपद की महिलाओं से अपील की है कि जिन महिलाओं को किसी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत है, वे निर्धारित तिथि और समय पर सर्किट हाउस के नवीन सभागार में उपस्थित होकर अपनी बात राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष के समक्ष रख सकती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित