अगरतला , जुलाई 29 -- राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर महिला सुरक्षा, कल्याण संस्थानों की समीक्षा तथा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठकों के उद्देश्य से मंगलवार को तीन दिवसीय दौरे पर त्रिपुरा पहुंचीं।
अपने दौरे के दौरान सुश्री रहाटकर आज उदयपुर में गोमती जिला परिषद द्वारा आयोजित 'शी सर्व्स' कार्यक्रम में भाग लेंगी। इसके बाद वह वन स्टॉप केंद्र का दौरा करेंगी तथा राजर्षि हॉल में बाल विवाह और उसके सामाजिक दुष्परिणामों पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होंगी। वह जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा भी करेंगी।
बुधवार को उनके कार्यक्रम में अगरतला केंद्रीय कारागार का निरीक्षण शामिल है। इसके बाद वह राज्य के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित