नयी दिल्ली , सितंबर 22 -- केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को पारंपरिक सम्मेलन कक्षों तक सीमित रखने के बजाय देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आयोजित किया जाएगा।
श्री वैष्णव ने पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर राष्ट्रीय कार्यक्रमों को देश के अलग-अलग हिस्सों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को देश के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थलों तक ले जाया जाएगा। उन्होंने गुजरात के एकता नगर का उदाहरण देते हुए कहा कि यह दुनिया भर में पहचान बना चुका आकर्षक पर्यटन स्थल है, जहां सरदार वल्लभभाई पटेल की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति और देशभर के फिल्म जगत की प्रमुख हस्तियों के ऐसे स्थलों पर पहुंचने से अधिक लोगों को इन स्थानों को जानने और अनुभव करने का अवसर मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को सम्मेलन कक्ष से बाहर निकालकर आम लोगों के करीब लाने और पर्यटन के माध्यम से इसे और व्यापक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी राज्यों को अपने सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थलों की पहचान कर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह की मेजबानी के लिए प्रस्ताव भेजने का निमंत्रण दिया। प्रस्ताव में आयोजन की बेहतर सुविधाओं के साथ-साथ संबंधित पर्यटन स्थल के चहुंमुखी विकास की योजना भी शामिल करनी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित