प्रयागराज , अगस्त 02 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज बारा थाना क्षेत्र के मकदूम्बा पहाड़ पर रविवार को राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत अवस्था में मिलने से स्थानीय लोगों और किसानों में आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पहाड़ पर संचालित क्रेशर प्लांटों में पत्थर तोड़ने के लिए बारूद के माध्यम से लगातार ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे क्षेत्र में रहने वाले राष्ट्रीय पक्षी मोरों के जीवन पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
किसानों का कहना है कि ब्लास्टिंग के कारण आए दिन मोर चोटिल होते हैं और कई बार उनकी मौत भी हो जाती है।मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन प्रयागराज के जिलाध्यक्ष ऋषि कुमार पांडेय ने जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष वर्मा को ज्ञापन सौंपकर मकदूम्बा पहाड़ पर हो रही ब्लास्टिंग और कथित अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की । किसान नेता का आरोप है कि पहाड़ पर बड़ी संख्या में राष्ट्रीय पक्षी मोर का बसेरा है, लेकिन लगातार हो रही ब्लास्टिंग और खनन गतिविधियों के कारण इनका अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है।
किसान बोले इस संबंध में कई बार शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की जा चुकी है। इसके बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतों के बावजूद खनन गतिविधियां लगातार जारी हैं। रविवार को एक बार फिर पहाड़ पर मोर के मृत मिलने की घटना सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।भारतीय किसान यूनियन प्रयाग के जिलाध्यक्ष ऋषि कुमार पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय पक्षी मोर की सुरक्षा के लिए प्रशासन को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित