चंडीगढ़ , मई 09 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने शनिवार को राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह अपनी सरकार के भ्रष्टाचार और घोटालों से ध्यान भटकाने के लिए राष्ट्रीय नायकों और देशभक्त संगठनों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि सत्ता के नशे में चूर मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने दागी मंत्रियों को बचाने और आम आदमी पार्टी सरकार की छवि सुधारने के लिए महान देशभक्तों जैसे विनायक दामोदर सावरकर और राष्ट्रवादी संगठनों का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों के नाम पर भ्रष्टाचार, घोटालों और मंत्रियों के काले कारनामों को सही ठहराना देश के बलिदानियों का अपमान है। उन्होंने कहा, "हमारे शहीदों ने भारत की एकता और सम्मान के लिए बलिदान दिया था, न कि 'कट्टर ईमानदारी' के नाम पर भ्रष्टाचार छिपाने के लिए। "भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पंजाब का बच्चा-बच्चा जानता है कि जब भी आप का कोई मंत्री ईडी या जांच एजेंसियों के घेरे में आता है, तब पार्टी नेतृत्व इतिहास को तोड़-मरोड़कर जनता को गुमराह करने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा कि पंजाब और पूरा देश वीर सावरकर तथा अन्य स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने मांग की कि भगवंत मान तुरंत अपने बयान पर माफी मांगें और राष्ट्रीय नायकों की विरासत पर संकीर्ण राजनीति करना बंद करें।

उन्होंने कहा कि पंजाब को खोखले भाषणों और ध्यान भटकाने वाली राजनीति की जरूरत नहीं है, बल्कि जवाबदेही और पारदर्शी शासन चाहिए। अगर आप सरकार के मंत्री ईमानदार हैं तो उन्हें कानून और जांच एजेंसियों का सामना करना चाहिए, न कि जांच से भागना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित