बैतूल , अगस्त 07 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के युवा तैराक महिमा यादव और रुद्रांश शुक्ला का चयन महाराष्ट्र के पुणे में 13 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ियों ने नीमच में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में महिमा यादव ने सीनियर वर्ग में चौथा स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही उन्होंने लगातार चौथी बार राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर अपनी उपलब्धि दोहराई।

वहीं, सब-जूनियर वर्ग में रुद्रांश शुक्ला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। ट्रायथलॉन स्पर्धा में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने वाले वह बैतूल जिले के पहले खिलाड़ी बने हैं। रुद्रांश वर्तमान में आर.डी. पब्लिक स्कूल, बैतूल में कक्षा 10वीं के छात्र हैं।

दोनों खिलाड़ियों की सफलता में कोच रामबरन पाल और गोवर्धन यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में दोनों खिलाड़ियों ने लगातार अभ्यास कर राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्थान सुनिश्चित किया। कोच गोवर्धन यादव अपनी टीम के साथ 12 अगस्त को पुणे के लिए रवाना होंगे।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन पर जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। स्थानीय खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और तैराकी से जुड़े लोगों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित