भोपाल , अगस्त 03 -- ओडिशा के कटक में 29 से 31 जुलाई तक आयोजित प्रथम इंडिया ताइक्वांडो यूथ राष्ट्रीय चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश राज्य ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों ने एक रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार 63 किलोग्राम भार वर्ग में रेवा गुर्जर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वहीं हर्षित बघेल (63 किलोग्राम), अस्मी भारती (55 किलोग्राम) और मान्या मिश्रा (63 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग) ने कांस्य पदक हासिल किए।
अकादमी के खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रदेश में उपलब्ध कराई जा रही उच्चस्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था, आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ मार्गदर्शन का परिणाम बताया गया है। अधिकारियों के अनुसार खिलाड़ियों की लगातार राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्रदेश की खेल नीति और प्रतिभा संवर्धन के प्रयासों को भी दर्शाती है।
मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अकादमी के सहयोगी दल को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित