पटना , अक्टूबर 09 -- बिहार डाक परिमंडल में शुक्रवार को विश्व डाक दिवस के साथ राष्ट्रीय डाक सप्ताह 2026 की शुरुआत हुई। बिहार परिमंडल की मुख्य डाक महाध्यक्ष शशि शालिनी कुजूर ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर डाक निदेशक, मुख्यालय प्रियंका जैन भी उपस्थित थीं। राष्ट्रीय डाक सप्ताह 09 से 15 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। इस दौरान डाक सेवाओं, वित्तीय समावेशन, फिलाटेली, मेल एवं पार्सल सेवाओं तथा प्रौद्योगिकी और नवाचार से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य डाक महाध्यक्ष शशि शालिनी कुजूर ने आज यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिहार डाक परिमंडल ने कुल 62 लाख खाते खोलकर देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। ग्रामीण डाक जीवन बीमा व्यवसाय से राजस्व अर्जित करने के मामले में परिमंडल पिछले वर्ष देश में तीसरे स्थान पर रहा था। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक ग्रामीण डाक जीवन बीमा एवं डाक जीवन बीमा योजनाओं के तहत 56,890 नई पॉलिसियां जारी की गई हैं। इनकी कुल बीमित राशि 3,136.17 करोड़ रुपये और प्रीमियम राशि 47 करोड़ रुपये से अधिक है। वित्तीय वर्ष के अंत तक दो लाख से अधिक लोगों को इन योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्य डाक महाध्यक्ष ने बताया कि वित्तीय समावेशन के तहत बिहार में अब तक 1.92 करोड़ बचत खाते खोले गए हैं। विभाग का लक्ष्य एक करोड़ नए खाताधारकों को डाक विभाग की वित्तीय सेवाओं से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि स्पीड पोस्ट की बुकिंग में पिछले वर्ष की तुलना में 35 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है और अब तक 1.60 लाख स्पीड पोस्ट बुक किए गए हैं। वहीं, पार्सल बुकिंग में 20 प्रतिशत की वृद्धि के साथ छह लाख पार्सल बुक किए गए हैं। चालू वित्तीय वर्ष में भी बिहार डाक परिमंडल राजस्व प्राप्ति के मामले में देश में दूसरे स्थान पर बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित