रायपुर , जुलाई 23 -- छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल को केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से गठित राष्ट्रीय जैव प्रौद्योगिकी पार्क योजना की संचालन सह परियोजना निगरानी समिति का सदस्य नामित किया गया है।
विश्वविद्यालय की ओर से गुरुवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह समिति देश के विभिन्न राज्यों में स्थापित किए जाने वाले जैव प्रौद्योगिकी पार्कों की परियोजनाओं के अनुमोदन तथा उनके क्रियान्वयन की निगरानी का कार्य करेगी।
बताया गया कि जैव प्रौद्योगिकी विभाग देश में जैव प्रौद्योगिकी आधारित उद्योगों और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्यों के सहयोग से राष्ट्रीय जैव प्रौद्योगिकी पार्क योजना संचालित कर रहा है। इस योजना के तहत विभिन्न राज्यों में बायोटेक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं, जिनके लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जिम्मेदारी इसी समिति को सौंपी गई है।
विश्वविद्यालय ने कहा कि समिति में डॉ. चंदेल की नियुक्ति से जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में राज्य की भागीदारी और विशेषज्ञता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित