रांची , नवंबर 01 -- झारखंड का साहेबगंज जिला प्रशासन खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इसी क्रम में 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर साहेबगंज लौटे एमानुएल किस्कू को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि 23 से 27 अक्टूबर, 2026 तक तमिलनाडु के चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में खेल विभाग, झारखंड सरकार एवं जिला प्रशासन, साहेबगंज द्वारा स्थानीय सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, साहेबगंज के प्रशिक्षु तथा राजस्थान इंटर विद्यालय के छात्र एमानुएल किस्कू ने 80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
एमानुएल किस्कू ने इस स्पर्धा में अपने असाधारण प्रदर्शन से दो दिनों के भीतर तीन बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने हिट मुकाबले में 11.17 सेकेंड, सेमीफाइनल में 11.22 सेकेंड तथा फाइनल में 10.10 सेकेंड का समय दर्ज किया। इसके साथ ही उन्होंने 11 अक्टूबर, 2025 को भुवनेश्वर में आयोजित 40वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बिहार के रोहित राज द्वारा 80 मीटर हर्डल्स में बनाए गए 10.28 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त श्री दूबे ने एमानुएल किस्कू को अंगवस्त्र एवं खेल सामग्री के रूप में ट्रैक सूट, टी-शर्ट, बनियान, जूते, बैग सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने एमानुएल को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर राज्य एथलेटिक्स टीम के प्रशिक्षक एवं एमानुएल किस्कू के कोच श्री योगेश यादव को भी अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मौके पर जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी सहित अन्य उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित