चंडीगढ़ , जून 30 -- हरियाणा में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार को हरियाणा विधानसभा सचिवालय की ओर से विधानसभा परिसर स्थित कमेटी रूम में रक्तदान शिविर एवं नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण करेंगे।
रक्तदान शिविर में हरियाणा विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ सिविल सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी स्वैच्छिक रक्तदान करेंगे। इसका उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने के अभियान को मजबूती देना है।
इस अवसर पर कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर भी लगाया जाएगा। मिर्चिया अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक और उनकी टीम आंखों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देंगे। विधानसभा सचिवालय ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से इस जनहितकारी पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने और दोनों शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित