बेतिया, जुलाई 01 -- ाष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) नरकटियागंज वाहिनी मुख्यालय में रोटरी क्लब नरकटियागंज के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन 44वीं वाहिनी के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने किया।
इस अवसर पर कमांडेंट श्री नेगी ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ एसएसबी सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है। रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंद लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के सेवा भाव और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।
रक्तदान शिविर में एसएसबी के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोगों की जिंदगी बचाने के उद्देश्य से एक साथ अधिकारी और जवान रक्तदान के लिए कतारबद्ध दिखाई दिए। शिविर में 30 बलकर्मियों ने स्वेच्छा से एक-एक यूनिट रक्तदान किया।
इस दौरान उप कमांडेंट ज्ञानेंद्र कुमार (44वीं वाहिनी), उप कमांडेंट अजय कुमार सिन्हा क्षेत्रक मुख्यालय, बेतिया तथा उप कमांडेंट विनय कुमार संचार, क्षेत्रक मुख्यालय, बेतिया सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित थे।
रक्तदान शिविर का आयोजन रोटरी क्लब नरकटियागंज के सहयोग से किया गया, जिसका उद्देश्य रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित