लखनऊ , जनवरी 26 -- 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में विधान भवन के सामने मुख्य समारोह का आयोजन किया गया जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राष्ट्रध्वज फहराया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। राष्ट्रध्वज फहराए जाने के बाद राष्ट्रगान गाया गया और पूरे परिसर में देशभक्ति गीत गूंजते रहे। समारोह में भारतीय थल सेना की विभिन्न रेजिमेंटों की टुकड़ियों, उत्तर प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, पीएसी की 32वीं एवं 35वीं वाहिनी, महिला पीएसी बल, प्रांतीय रक्षा दल तथा एनसीसी कैडेटों ने मार्च पास्ट किया। इस वर्ष विशेष रूप से हरियाणा पुलिस का दस्ता भी परेड में शामिल रहा।
परेड में शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल, लखनऊ के ब्रास बैंड के साथ सेंट जोसेफ कॉलेज, अटल आवासीय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा अन्य राजकीय और निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मार्च किया। सीएमएस अलीगंज की 'शिक्षित बेटियां' थीम तथा सीएमएस गोमतीनगर के बैंड द्वारा प्रस्तुत 'सारे जहां से अच्छा' की धुन को सराहा गया।
इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने नृत्य और गीतों के माध्यम से विकसित भारत, नारी सशक्तिकरण और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया। लखनऊ पब्लिक कॉलेज, एसएआर पब्लिक स्कूल और सेंट जोसेफ कॉलेज, राजाजीपुरम की प्रस्तुतियां प्रमुख रहीं।
राजधानी में आयोजित समारोह में विभिन्न विद्यालयों और संस्थाओं की प्रस्तुतियों के माध्यम से अतीत, वर्तमान और भविष्य की झलक दिखाई गई। बाल विद्या मंदिर, चारबाग, एसआर ग्लोबल स्कूल और बाल निकुंज विद्यालय की प्रस्तुतियों को दर्शकों की सराहना मिली।
राज्य में पहली बार गणतंत्र दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, बिहार, सिक्किम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित नौ राज्यों से आए 200 से अधिक कलाकारों ने 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' थीम पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उम्मीद संस्था की ओर से भिक्षावृत्ति से मुक्त बच्चों की तिरंगा नृत्य प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर निकाली गई झांकियों में 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' की झलक देखने को मिली। लखनऊ पब्लिक स्कूल, पर्यटन निदेशालय, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय), जल जीवन मिशन, परिवहन निगम और नमामि गंगे की झांकियों में प्रदेश की विकास योजनाओं और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया। समारोह के समापन पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने तिरंगे गुब्बारे उड़ाकर प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित