राजनांदगांव , जुलाई 20 -- छत्तीसगढ़ हॉकी ने प्रदेश में भारत सरकार के राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम-2025 तथा राष्ट्रीय खेल निकाय नियम-2025 के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्णय लिया है।
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने सोमवार को बताया कि इस संबंध में रविवार को राजनांदगांव में विशेष आमसभा आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रीय खेल नीति के अनुरूप संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने तथा सभी जिला इकाइयों में नियमों के पालन पर जोर दिया गया।
उन्होंने बताया कि आमसभा में जिला इकाइयों को फर्म एवं सोसायटी पंजीयन, पैन कार्ड तथा बैंक खाते सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। नियमों का पालन करने वाली जिला इकाइयों को हॉकी इंडिया से मिलने वाली अनुदान राशि का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
श्री अंसारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ हॉकी की ओर से सभी पंजीकृत खिलाड़ियों को हॉकी स्टिक उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया है।
महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने बैठक में वर्ष 2025-26 के बजट का अनुमोदन कराया तथा आगामी उप-जूनियर, जूनियर और सीनियर राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थलों के चयन की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि छत्तीसगढ़ की जूनियर महिला हॉकी टीम देश की शीर्ष चार टीमों में शामिल है, जबकि विभिन्न आयु वर्ग की प्रदेश की टीमें राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष आठ टीमों में स्थान बनाए हुए हैं।
आमसभा में कोषाध्यक्ष आशा थॉमस, उपाध्यक्ष एम. वाय. कुरैशी, संयुक्त सचिव गोपेश्वर कहरा, मृणाल चौबे, अनुराज श्रीवास्तव, रवि पारिख, अयूब इरफान सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित