पटना , अगस्त 29 -- पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश राणा विक्रम सिंह, बिहार के महाधिवक्ता सत्यदर्शी संजय तथा पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने हॉकी के जादूगर स्व.ध्यानचंद की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर में बिहार के उत्कृष्ट खिलाडियों और प्रशिक्षकों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायाधीश श्री सिंह ने अपने संबोधन में सभी खिलाडियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए परिश्रम, निरंतर प्रयास,लगन और धैर्य सबसे अहम भूमिका अदा करता है और खिलाड़ियों के लिए भी यह मूलमंत्र लागू होता है।
इससे पहले खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद ने अपने स्वागत संबोधन में सभी का अभिनंदन करते हुए बिहार में खेल और खिलाड़ियों के सर्वागीण विकास के लिए सरकार की ओर से नीतिगत और जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों और योजनाओं का विस्तार से जिक्र किया तथा खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके विकास के लिए हर संभव प्रयास और सहयोग करने के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सिर्फ अपने खेल को निखारने पर ध्यान देना चाहिए, जिससे वह ज्यादा से ज्यादा मेडल जीत कर राज्य और देश का मान बढ़ा सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित