रायपुर , जून 29 -- छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के पेंड्रा विकासखंड स्थित ग्राम कोटमीकला में राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (एनएमईओ) योजना के तहत 25 किसानों को उन्नत गुणवत्ता के मूंगफली बीज वितरित किए गए। कृषि विभाग ने इसे तिलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।
विभाग से सोमवार को मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 10 हेक्टेयर प्रदर्शन रकबे के लिए चयनित किसानों को प्रमाणित मूंगफली बीज उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अमित कुमार तंवर, कृषि विकास अधिकारी मधुसूदन, क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी तथा ग्राम पंचायत के सरपंच भंवर सिंह अर्मो मौजूद रहे।
अधिकारियों ने किसानों को बीज उपचार, समय पर बुआई, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण, कीट एवं रोग प्रबंधन, जल संरक्षण तथा वैज्ञानिक फसल प्रबंधन की जानकारी दी। साथ ही मृदा परीक्षण के आधार पर खेती अपनाने और विभागीय सलाह का पालन करने की अपील की गई।
कृषि विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन का उद्देश्य केवल गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर तिलहनी फसलों की उत्पादकता बढ़ाना और खाद्य तेल के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूत करना है। विभाग का कहना है कि प्रदर्शन आधारित खेती से अन्य किसान भी प्रेरित होंगे और क्षेत्र में तिलहनी फसलों का रकबा बढ़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित