हरिद्वार , मई 02 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद में आगामी 07 मई को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल क्रियान्वयन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में जिला सभागार में शनिवार को जिला अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद हरिद्वार में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 7,12,146 बच्चों, किशोरों एवं किशोरियों को कृमि मुक्ति के तहत एल्बेन्डाजोल दवा स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से खिलाई जाएगी। अभियान के दौरान जो बच्चे किसी कारणवश 07 मई को दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 14 मई 2026 को मॉप-अप दिवस के तहत दवा दी जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को निर्धारित तिथि पर ही दवा दी जा सके। विशेष रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित