रायपुर , अगस्त 18 -- छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की कथित उपेक्षा के कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए मंगलवार को कहा कि भाजपा में कोई पद बड़ा या छोटा नहीं होता है।

श्री जायसवाल ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा, "भाजपा कांग्रेस की तरह नहीं है। भाजपा में कोई पद बड़ा या छोटा नहीं होता है। कांग्रेस हर वक्त उपेक्षा करने में लगी रहती है, इसलिए उन्हें हर जगह यही नजर आता है।"उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताते हुए कहा कि सांसद रूप कुमारी चौधरी को राष्ट्रीय महिला मोर्चा का अध्यक्ष और दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया का प्रभारी बनाकर उन्होंने छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने रायपुर जिले के नकटी गांव में प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर कांग्रेस के आंदोलन पर भी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस की ओर से विधायक अनुज शर्मा और सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बंगले के घेराव की तैयारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने जनप्रतिनिधियों का घेराव करना चाहिए। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित