जालंधर , अक्टूबर 18 -- राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एम.एफ. फारूकी ने रविवार को जालंधर स्थित पंजाब शस्त्र पुलिस (पीएपी) परिसर से राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और आपसी सद्भाव का संदेश देना है।
एडीजीपी फारूकी ने बताया कि पंजाब पुलिस के 10 मोटरसाइकिल सवारों का दल सहयोगी कर्मियों के साथ रवाना हुआ है। यह दल 21 अक्टूबर को नई दिल्ली पहुंचेगा, जहां देशभर से आए मोटरसाइकिल सवार इसमें शामिल होंगे। इसके बाद संयुक्त रैली को राष्ट्रीय स्तर पर रवाना किया जाएगा। यह दल 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाली मुख्य राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में हिस्सा लेगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के साथ पंजाब पुलिस का दल नशे के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाएगा। यात्रा के दौरान मोटरसाइकिल सवार निर्धारित स्थानों पर स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर रुककर युवाओं तथा स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे।
दल के सदस्य शैक्षणिक और प्रेरक सामग्री के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। श्री फारूकी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रीय एकता से जोड़ने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित