सुलतानपुर , सितंबर 28 -- उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह ने आज यहां कहाकि भारतीय जनता पार्टी आज जिस मुकाम पर पहुंची है उसके पीछे पार्टी की राष्ट्रहित की विचारधारा और कार्यकर्ताओं की ताकत हैं। कार्यकर्ता पार्टी का चेहरा होता है।

श्री सिंह ने सुलतानपुर जिले के पयागीपुर स्थित पार्टी के जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित परिचयात्मक एवं संगठनात्मक बैठक में कहा कि 'बूथ जीतो, चुनाव जीतो' के मंत्र को धरातल पर उतारना मिशन-2027 की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ समितियों को सक्रिय करते हुए मतदाताओं व लाभार्थियों से निरंतर संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ का कार्यकर्ता है।कार्यकर्ता पार्टी का चेहरा होता है। आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ को मजबूत करने और कमल की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटे। उन्होंने कहा कि 2027 में सुल्तानपुर की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत का लक्ष्य लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है।

श्री सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी,पं.दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महापुरुषों के संघर्ष, सिद्धांत और त्याग से कार्यकर्ताओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। भाजपा विचारधारा आधारित संगठन है और राष्ट्रहित और राष्ट्रवाद को सर्वोपरि रखकर कार्य करती है।जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने प्रदेश उपाध्यक्ष का परिचय व संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर जिला प्रभारी बृजभूषण सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संदेश दिया।संचालन जिला महामंत्री विजय त्रिपाठी ने किया। भाजपा जिला मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष मंगलवार को सुबह 10 बजे लोहरामऊ मंडल के उतुरी गांव स्थित बूथ संख्या 383 की समिति के साथ सीधा संवाद कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

इस मौके पर पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ एमपी सिंह, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, विधायक राजप्रसाद उपाध्याय, राजेश गौतम व सीताराम वर्मा, पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी,पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ आरए वर्मा,करुणा शंकर द्विवेदी, डॉ सीताशरण त्रिपाठी,ओम प्रकाश पाण्डे बजरंगी, प्रवीन कुमार अग्रवाल सहित जिला पदाधिकारी मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित