लखनऊ , जुलाई 29 -- राष्ट्रमंडल खेल में दस हजार मीटर दौड़ में देश के लिये रजत पदक जीतने वाले अलीगढ़ के गुलवीर सिंह को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
अलीगढ़ जिले के ब्लॉक बिजौली स्थित कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय, सिरसा के पूर्व छात्र गुलवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता है। उन्हे बधाई देते हुये उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं अतरौली विधायक संदीप सिंह ने कहा कि गुलवीर सिंह की यह उपलब्धि केवल अलीगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों और युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित