दरभंगा, 02अक्टूबर (वार्ता) राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।इस अवसर पर जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला सहित जिले के वरीय पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की।

जिलाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं राष्ट्रहित के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग और सेवा का संदेश देता है तथा स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी रहा है।

श्री कुमार ने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों को केवल स्मरण करने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि दैनिक जीवन एवं कार्यों में भी अपनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने तथा समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारा और शांति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि गांधी जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए स्वच्छ एवं विकसित समाज के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम के बाद लहेरियासराय टावर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, वरीय उपसमाहर्ता सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर समाहरणालय के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित