रायपुर , अक्टूबर 21 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे रायपुर और जगदलपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति के दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। उनके आगमन को देखते हुए दोनों शहरों में प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्रीमती मुर्मू 22 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगी। दोपहर 12:45 बजे वे लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी।
इसके बाद राष्ट्रपति शाम चार बजे रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। यहां वे सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। नुआखाई छत्तीसगढ़ और ओडिशा क्षेत्र में नई फसल के स्वागत से जुड़ा प्रमुख पर्व है।
दौरे के दूसरे दिन 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति सुबह 11 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी। मां दंतेश्वरी बस्तर की आराध्य देवी हैं। राष्ट्रपति के दर्शन कार्यक्रम के मद्देनजर मंदिर और जिला प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इसके बाद दोपहर 12:45 बजे राष्ट्रपति जगदलपुर में मुरिया दरबार एवं बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए रायपुर और जगदलपुर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। संबंधित कार्यक्रम स्थलों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासनिक स्तर पर राष्ट्रपति के निर्धारित कार्यक्रमों के सुचारु संचालन और सुरक्षा प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित