भुवनेश्वर , जून 16 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगामी राज्य दौरा ओडिशा के विकास की गति को और तेज करेगा।

लोक सेवा भवन में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुये मुख्यमंत्री ने मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों की समीक्षा की। यह दौरा ओडिशा सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।

श्री माझी ने अधिकारियों को इस उच्चस्तरीय कार्यक्रम के लिए सहज समन्वय, कुशल कार्यक्रम प्रबंधन और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

समीक्षा के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय कार्यक्रम के लिए 19 जून को अपने गृह जिले मयूरभंज का दौरा करेंगी। यह दौरा विशेष महत्व रखता है क्योंकि 20 जून को राष्ट्रपति का जन्मदिन भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 20 जून को रायरंगपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। श्री मोदी एक बड़े राज्य स्तरीय सार्वजनिक कार्यक्रम में राष्ट्रपति के साथ शामिल होंगे। दोनों नेताओं द्वारा रायरंगपुर में मंच साझा करने और एक विशाल जनसभा को संबोधित करने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर को ओडिशा के लिए अत्यधिक गर्व और खुशी का विषय बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति अपनी जन्मस्थली और पहली कर्मभूमि-रायरंगपुर का दौरा करेंगी। उनके स्वागत के लिए राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। श्री माझी ने कहा कि यह दौरा केवल औपचारिक महत्व से परे होगा और ओडिशा के विकास एजेंडे में सीधे योगदान देगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री द्वारा संयुक्त रूप से ओडिशा और मयूरभंज जिले में हजारों करोड़ रुपये की प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने की उम्मीद है।

बैठक में राज्य मुख्य सचिव अनु गर्ग, पुलिस महानिदेशक वाई.बी. खुरानिया, विकास आयुक्त डी.के. सिंह, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव शाश्वत मिश्रा, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रकाश मिश्रा, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा, खुफिया महानिदेशक बिनयतोष मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित