रायपुर , अक्टूबर 16 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 22 और 23 अक्टूबर को प्रदेश प्रवास प्रस्तावित है। इस दौरान वह 23 अक्टूबर को जगदलपुर में आयोजित पारंपरिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी।

मुख्यमंत्री साय ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राष्ट्रपति मुर्मु को बस्तर आने का आमंत्रण दिया गया था। इससे पहले बस्तर के मांझी-चालकी प्रतिनिधियों ने भी उनसे मुलाकात कर बस्तर आने का आग्रह किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार किया था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का बस्तर आगमन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है।

नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों के पुनर्वास और सहायता के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दंतेवाड़ा में आयोजित दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण शिविर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। उनके संबोधन से नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों का आत्मविश्वास बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य नक्सली हिंसा के कारण शारीरिक रूप से प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग देना है।

इस बीच प्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों में महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित