भोपाल , जून 17 -- राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 18 जून से 22 जून तक मध्यप्रदेश के पांच दिवसीय प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान वे इंदौर, बैतूल, ओंकारेश्वर, जबलपुर, ग्वालियर और श्योपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु 18 जून को इंदौर पहुंचेंगी। इसके बाद वे बैतूल में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आयोजित ''आदिवासी समाज का आध्यात्मिक जागरण के माध्यम से सशक्तिकरण'' विषयक कार्यक्रम में शामिल होंगी। उसी दिन वे खंडवा जिले स्थित ओंकारेश्वर पहुंचकर भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन एवं आरती में सहभागिता करेंगी।

वही 19 जून को अंतर्राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर ओंकारेश्वर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। 20 जून को राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु जबलपुर पहुंचेंगी। 21 जून को वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगी तथा इसके बाद रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में सम्मिलित होंगी। 22 जून को राष्ट्रपति श्योपुर जिले स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण करेंगी। इसके बाद वे ग्वालियर पहुंचकर नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

इस बीच, राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण के दौरान राज्य शासन ने विभिन्न स्थानों पर उनकी अगवानी और विदाई के लिए मंत्रियों को 'मिनिस्टर-इन-वेटिंग' नामित किया है। इंदौर में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट तथा नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, बैतूल में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, ओंकारेश्वर में संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भावसिंह लोधी, जबलपुर में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, श्योपुर में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला तथा ग्वालियर में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट को यह दायित्व सौंपा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित