देहरादून , अगस्त 31 -- उत्तराखंड के जनपद देहरादून के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय चकराता, मेहरावना एवं कालसी के छात्र-छात्राओं ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन के भ्रमण के दौरान राष्ट्रपति द्रौपद्री मुर्मु से मुलाकात की।

इस तीन दिवसीय विशेष शैक्षणिक भ्रमण में प्रत्येक विद्यालय से पांच-पांच छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि 28 से 30 अगस्त तक आयोजित भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु से भेंट करने का अवसर प्राप्त हुआ। राष्ट्रपति से हुई यह आत्मीय एवं प्रेरणादायी भेंट विद्यार्थियों के लिए जीवनभर स्मरणीय अनुभव बन गई।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति से संवाद ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नई ऊर्जा और देश के प्रति समर्पण की भावना को और प्रबल किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न ऐतिहासिक, शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक स्थलों का भी अवलोकन किया।

इस शैक्षणिक यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष एवं पाठ्यपुस्तकों से परे प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से देश के इतिहास, संस्कृति, लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं राष्ट्रीय विरासत को समझने का अवसर मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित