पौड़ी , अक्टूबर 23 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल में अनुशासन, सेवा, साहस और नेतृत्व क्षमता की कसौटी पर जिले के आठ स्काउट-गाइड राष्ट्रपति पुरस्कार की दौड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रहे हैं।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुरस्कार परीक्षा के लिए जिले के प्रतिभागी 24 अक्टूबर से भोपालपानी स्थित प्रशिक्षण केंद्र में पांच दिवसीय प्रशिक्षण एवं परीक्षा में शामिल होंगे। इस दौरान उन्हें स्काउटिंग-गाइडिंग से जुड़े विभिन्न विषयों में अपनी दक्षता साबित करनी होगी।

शुक्रवार को जानकारी देते हुए जिला स्काउट-गाइड सचिव केसर सिंह असवाल ने बताया कि जनपद से गाइड वर्ग में प्रियाशी, आकांक्षा, अनामिका रावत, अक्षरा, तानिया चौहान और महक काला तथा स्काउट वर्ग में शिवकुमार और कपिल प्रतिभाग करेंगे। जिला स्तर से शकुंतला बुड़ाकोटी और रूपचंद लखेड़ा भी प्रतिभागियों के साथ परीक्षा में शामिल होंगे।

पांच दिवसीय कार्यक्रम में ध्वज शिष्टाचार, प्रतिज्ञा, स्काउट-गाइड नियम, अनुमान लगाना, मैप रीडिंग, प्राथमिक चिकित्सा, पायनियरिंग, आपदा प्रबंधन, सामुदायिक विकास और मचान निर्माण जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। परीक्षा के दौरान प्रतिभागियों के ज्ञान, अनुशासन, सेवा भावना और संकट की परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता का आकलन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित