नयी दिल्ली , मई 25 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में 66 हस्तियों को वर्ष 2026 के लिए पद्मविभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए।

समारोह में दो हस्तियों को पद्म विभूषण, छह को पद्म भूषण और 58 को पद्म श्री से सम्मानित किया गया।

सुप्रसिद्ध अभिनेता धर्मेन्द्र सिंह देयोल को मरणोपरांत दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी एवं जानी मानी अभिनेत्री हेमा मालिनी ने यह पुरस्कार लिया। उनके अलावा जानी मानी वायलिन वादक डॉ. एन. राजम को भी पद्म विभूषण से प्रदान किया गया।

डॉ. (श्रीमती) एन. राजम , अवधान परंपरा के महान आचार्य और लेखक डॉ. आर. गणेश, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी , उद्योगपति उदय सुरेशकुमार कोटक, भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे प्रो विजय कुमार मल्होत्रा (मरणोपरांत) , चिकित्सा क्षेत्र के अग्रणी रहे डा. कल्लीपट्टी रामासामी पलानीस्वामी और विज्ञापन जगत के अग्रणी नामों में शुमार पीयूष पांडे (मरणोपरांत) को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

पद्म विभूषण, भारत का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है जो असाधारण एवं विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।

पद्म भूषण, भारत का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है जो उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।

पद्म श्री , भारत का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है जो किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।

इन पुरस्कारों की घोषणा हर वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन , प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित