बैतूल , जून 16 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 18 जून को प्रस्तावित बैतूल दौरे से पहले जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और वीवीआईपी मार्ग पर मंगलवार को व्यापक स्तर पर अंतिम रिहर्सल आयोजित की गई, जिसमें हेलीकॉप्टर की लैंडिंग और टेकऑफ से लेकर राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही तक की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए बैतूल के साथ हरदा और नर्मदापुरम जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, खुफिया एजेंसियों तथा अन्य सुरक्षा इकाइयों के अधिकारी और जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर मेटल डिटेक्टर और स्निफर डॉग की सहायता से गहन जांच की गई तथा प्रवेश व्यवस्था, निगरानी तंत्र और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली का परीक्षण किया गया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार सगर ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर लगभग 250 पुलिस जवान, एक दर्जन राजपत्रित अधिकारी और दो आईपीएस अधिकारी तैनात रहेंगे, जबकि वीवीआईपी मार्ग और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लगभग पांच हजार लोगों का सत्यापन और सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई है।

ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधि डॉ. नथमल ने बताया कि मुख्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सहित नौ विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। इनमें मध्यप्रदेश के राज्यपाल, केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल तथा संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से लगभग दो हजार लोगों को बसों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक लाया जाएगा, जबकि संस्था ने करीब 2800 लोगों का पंजीकरण किया है, जिनमें बड़ी संख्या आदिवासी समुदाय के लोगों की है।

इस बीच हेलीपैड पर सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा विशेष अभ्यास भी किया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने हवाई तथा जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का परीक्षण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि उनके संभावित आगमन की सूचना प्रशासन को प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, पुलिस और ब्रह्माकुमारी संस्था के पदाधिकारी राष्ट्रपति के दौरे को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित