बैतूल , जून 16 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 18 जून को प्रस्तावित बैतूल दौरे से पहले जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। संभावित सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए शहर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार सुबह से होटल, लॉज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जांच की गई। कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डहरिया के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान होटल और लॉज संचालकों से ठहरे हुए लोगों की जानकारी ली गई तथा पहचान पत्रों, आगंतुक रजिस्टरों और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई।

पुलिस अधिकारियों ने होटल और लॉज संचालकों को निर्देश दिए हैं कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को ठहरने की अनुमति न दी जाए और प्रत्येक आगंतुक का रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।

राष्ट्रपति का मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में प्रस्तावित है, जहां ब्रह्मकुमारीज संस्थान द्वारा आदिवासी समुदाय के सशक्तिकरण विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसे देखते हुए आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस ने संवेदनशील स्थलों, खाली भवनों तथा कार्यक्रम स्थल के आसपास स्थित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान के तहत बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और यात्री प्रतीक्षालयों में भी विशेष जांच की गई तथा यात्रियों की पहचान और यात्रा संबंधी जानकारी का सत्यापन किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीवीआईपी दौरे को देखते हुए सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।

थाना प्रभारी देवकरण डहरिया ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे तक सुरक्षा जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित