बारां , फरवरी 19 -- राजस्थान में बारां में जिला राशन डीलर विक्रेता संघ ने राशन डीलरों को आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर एक मार्च से राशन वितरण का बहिष्कार करने का ऐलान किया है।

इस सम्बन्ध में राशन डीलर संघ ने जिला रसद अधिकारी को मुख्य खाद्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा।

राशन डीलर संघ के जिलाध्यक्ष योगेश गौड ने गुरुवार को बताया कि वर्तमान में राशन डीलरों को राशन वितरण करने में कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड रहा है। राज्य सरकार ने राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए पोश मशीनों को इलेक्ट्राॅनिक कांटों से जोडकर वितरण करना चालू कर किया है, लेकिन सरकार द्वारा चार वर्ष पूर्व दिए गए कांटों में से अधिकतर कांटे खराब हैं। जिससे राशन वितरण व्यवस्था बिल्कुल ठप हो गई है।

ज्ञापन के माध्यम से राशन डीलरों ने सरकार से मांग की है कि सरकार कांटों को पोश मशीन से जोडकर वितरण करवाना चाहती है तो दो प्रतिशत छीजत भी दी जाए। न्यूनतम आय की गारंटी के तहत कमीशन वृद्धि या फिर सम्मानजनक मानदेय देकर आर्थिक संबल प्रदान करने सहित अन्य मांगें की हैं।

उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे एक मार्च से राशन वितरण नहीं करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित