यमुनानगर , अक्टूबर 05 -- हरियाणा के यमुनानगर में राशन डिपो होल्डर एसोसिएशन ने सोमवार को कमीशन न मिलने को लेकर प्रदर्शन किया और उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर मांग पत्र सौंपा।

यमुनानगर डिपो होल्डर एसोसिएशन के जिला प्रधान सुशील मित्तल ने बताया कि जिले में 13 सेंटर हैं और कुल करीब 570 डिपो हैं। सभी डिपो धारक सरकार की हर योजना का राशन ईमानदारी और समय पर वितरित करते हैं, लेकिन पिछले चार महीने से उनका कमीशन जारी नहीं हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार ने चार महीने का कमीशन कन्फर्म के कार्यालय यमुनानगर में भेज दिया है,लेकिन कन्फर्म के अधिकारी इसे देना नहीं चाहते। कई बार लिखित में मांग पत्र दिया गया, विधायक, मंत्री और अध्यक्ष तक शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।

श्री मित्तल ने कहा कि कमीशन न मिलने से डिपो होल्डरों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसी को दवाई लेनी है, किसी को बच्चे की फीस भरनी है, तो किसी को दुकान का किराया देना है।

डिपो होल्डरों की प्रमुख मांगें हैं, हर महीने कमीशन जारी किया जाये, सरकारी कर्मचारियों की तरह डिपो होल्डरों को भी हर महीने समय पर कमीशन मिले, एक अंगूठे से पूरा राशन दिया जाये। अभी गेहूं, बाजरा, तेल, चीनी के लिए अलग-अलग अंगूठा लगवाना पड़ता है, जिससे बुजुर्गों को गर्मी में लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। एक अंगूठे से सारा सामान दिया जाए। सरकार दो महीने का इकट्ठा राशन दे रही है, जिसमें गेहूं सूख कर कम हो जाती है और चेकिंग के दौरान इसकी भरपाई डिपो होल्डर को करनी पड़ती है।

एसोसिएशन ने मांग पत्र में लिखा है कि सरकार ने उनका कमीशन संबंधित एजेंसी में चार महीने पहले ही ट्रांसफर कर दिया था, लेकिन अधिकारी ने नियमों के विरुद्ध उनका कमीशन रोक रखा है। कई बार मिलने के बावजूद अधिकारी बात नहीं सुन रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित