बैतूल , अक्टूबर 01 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकान के खाद्यान्न की कालाबाजारी के मामले में पुलिस ने दुकान विक्रेता को गिरफ्तार किया है। जांच में 106.39 क्विंटल गेहूं, 23.42 क्विंटल चावल और 1.49 क्विंटल नमक समेत कुल 3.93 लाख रुपये से अधिक मूल्य के खाद्यान्न के खुर्द-बुर्द किए जाने का मामला सामने आया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम पाठई स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 3107004 के विक्रेता राजेश इवने के खिलाफ कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी शाहपुर आशीष कुमार कुमरे ने 29 सितंबर को कलेक्टर कार्यालय की खाद्य शाखा के पत्र के आधार पर थाने में आवेदन दिया था। आवेदन में शासकीय खाद्यान्न को खुर्द-बुर्द कर कालाबाजारी किए जाने की शिकायत की गई थी।

शिकायत और प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर शाहपुर थाने में अपराध क्रमांक 454/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में 106.39 क्विंटल गेहूं की कीमत 2,98,982.50 रुपये, 23.42 क्विंटल चावल की कीमत 92,738.75 रुपये और 1.49 क्विंटल नमक की कीमत 1,825.25 रुपये आंकी गई। इस तरह खाद्यान्न की कुल कीमत 3,93,591.50 रुपये बताई गई है।

मामला दर्ज होने के बाद शाहपुर पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की। पुलिस के मुताबिक सूचना के आधार पर आरोपी राजेश इवने (33), पिता भीलूसिंग इवने, निवासी भक्तनढाना, थाना शाहपुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। प्रकरण में उसकी संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को एक दिन का रिमांड मिला है।

कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शाहपुर अर्चना शर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमरे के नेतृत्व में की गई। इसमें उपनिरीक्षक ओमप्रकाश गढ़वाल, प्रधान आरक्षक सेवलाल कलमे और आरक्षक शुभम की भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से उचित मूल्य दुकानों पर खाद्यान्न की अवैध बिक्री, कम तौल अथवा अन्य अनियमितता की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित