, May 12 -- पटना, 12 मई (वर्ता) खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने मंगलवार को अधिकारियों को राशन कार्ड निर्माण और खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
मंत्री श्री चौधरी ने आज विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में विभाग के विभिन्न योजनाओं, अधिप्राप्ति कार्यों, जन वितरण प्रणाली एवं उपभोक्ता संरक्षण से संबंधित विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी मंत्री श्री चौधरी को पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी गई। समीक्षा के क्रम में मंत्री श्री चौधरी ने नए राशन कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने जन वितरण प्रणाली दुकानों में रिक्त पदों को भी तय समय सीमा के अंदर भरने पर विशेष बल दिया।
मंत्री श्री चौधरी ने प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम को सही समय पर सही मात्रा में लाभुकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने खाद्यान्न आपूर्ति में लापरवाही बरतने वाले ट्रांसपोर्टरों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि लाभुकों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित