महेंद्रगढ़/ चंडीगढ़ , फरवरी 18 -- हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी है और अपराधी तत्वों के हौसले बुलंद हैं। प्रदेश में दिनदहाड़े हत्या, लूट और डकैती की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिक भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।
महेंद्रगढ़ जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में श्री सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार अपराध पर नियंत्रण करने में विफल रही है, जबकि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस विधायक दविंदर हंस के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है। सरकार कानून-व्यवस्था सुधारने के बजाय विपक्ष को निशाना बनाने में लगी है।
मनरेगा में किये जा रहे बदलावों पर चिंता जताते हुए श्री सिंह ने कहा कि सरकार पात्र लाभार्थियों के अधिकारों में कटौती कर रही है, जिससे गरीब और जरूरतमंद वर्ग प्रभावित होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विधानसभा का घेराव करेगी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सतबीर झुकिया, महिला जिला अध्यक्ष डॉ राज सुनेश और अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित