चंडीगढ़ , सितंबर 23 -- केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि अमर शहीद राव तुलाराम का जीवन साहस, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल है। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में राव तुलाराम सहित अनेक वीरों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनकी वीरगाथाओं को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

श्री राव इंद्रजीत सिंह बुधवार को हांसी के दिल्ली रोड टी-प्वाइंट पर यादव सभा द्वारा निर्मित राव तुलाराम चौक के लोकार्पण और उनकी विशाल प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव, सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, विधायक विनोद भयाना सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी का इतिहास किसी एक जाति, समाज या क्षेत्र तक सीमित नहीं है। 1857 के संग्राम में विभिन्न क्षेत्रों और समाजों के लोगों ने मिलकर अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया। राव तुलाराम का बलिदान पूरे राष्ट्र की साझा विरासत है। उन्होंने सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राव तुलाराम जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की वीरगाथाएं युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि हांसी में स्थापित प्रतिमा और चौक देशभक्ति, शौर्य और स्वाभिमान की भावना को जागृत करने वाला प्रेरणास्थल है। उन्होंने यादव सभा और आयोजन से जुड़े लोगों को बधाई दी।

सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल प्रतिमा स्थापित करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना भी जरूरी है। विधायक विनोद भयाना ने कहा कि राव तुलाराम की प्रतिमा और चौक आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग और देशभक्ति की याद दिलाते रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित