पौड़ी , मई, 14 -- उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को विकासखंड पाबो में लगभग 49 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन किया और कहा कि सरकार का लक्ष्य जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने विकासखंड पाबौ आवासीय परिसर के मरम्मत कार्य, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ के अनुरक्षण एवं मरम्मत कार्य, सीएचसी परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण तथा टाइप-1 एवं टाइप-2 आवासीय भवनों के रंग-रोगन और मरम्मत कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

इस दौरान मंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ का निरीक्षण कर मरीजों का हालचाल जाना तथा स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

कार्यक्रम में विवेकाधीन कोष से जरूरतमंद लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए। मंत्री ने कहा कि सरकार जरूरतमंद परिवारों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।

श्री रावत ने बाद में आयोजित बैठक में खंड स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व मंत्री डॉ. शिवानंद नौटियाल के पैतृक गांव कोटला स्थित आवासीय भवन में संग्रहालय स्थापित किए जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई।

विद्युत विभाग की बैठक में मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और विद्युत समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। वहीं ग्राम प्रहरियों की बैठक में उन्होंने क्षेत्र को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने पर जोर दिया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख लता रावत, अधिशासी अभियंता शिवम मित्तल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, एसडीओ विद्युत गोविंद रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रहरी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित